उज्जैन, 28 सितंबर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि सुरक्षित, कानूनी एवं आसानी से उपलब्ध गर्भपात सेवाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं को सुरक्षित गर्भपात सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 28 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस मनाया जाता है।प्रदेश सरकार महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण गर्भपात सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षित गर्भपात सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गर्भ का चिकित्सकीय समापन (संशोधन) अधिनियम, 2021 (एमटीपी एक्ट) में आवश्यक संशोधन किए गए हैं। इसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को निर्धारित प्रावधानों एवं प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित एवं कानूनी गर्भपात सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस 28 सितंबर 2026 के अवसर पर राज्य एवं जिला स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं उन्मुखीकरण गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला उज्जैन में 28 सितंबर 2026 को स्थानीय कार्यालय के सभाकक्ष में दोपहर 2 बजे से उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संशोधित एमटीपी एक्ट 2021, गर्भ का चिकित्सकीय समापन अधिनियम 1971 तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 (पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम) के प्रावधानों, सुरक्षित एवं कानूनी गर्भपात सेवाओं, पात्रता, आवश्यक प्रक्रियाओं तथा सेवा प्रदायगी के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई।सुरक्षित गर्भपात सेवाओं को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल कल्याण समिति तथा पंचायत राज विभाग सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय आवश्यक बताया गया। विशेषकर संवेदनशील एवं चिन्हित प्रकरणों में संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार समन्वित रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया।कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिलाओं की गोपनीयता, गरिमा एवं अधिकारों का सम्मान करते हुए सुरक्षित एवं कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराने, निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने तथा जरूरतमंद महिलाओं को समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।कार्यशाला में सिविल सर्जन डॉ. संगीता पलसानिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र राजपूत, जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनीता परमार, जिला एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य रावल, डॉ. निधि जैन, चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री परविंदर बग्गा सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस दौरान सुरक्षित गर्भपात सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा अधिनियम के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने का संकल्प लिया गया



