उज्जैन, 03 नवंबर। जिले में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने और तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक तंबाकू मुक्त युवा अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।अभियान के माध्यम से लोगों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। इनमें मुंह और फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग तथा श्वसन संबंधी बीमारियां प्रमुख हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम, शपथ समारोह, सामुदायिक बैठकें और स्वास्थ्य शिक्षा गतिविधियों के माध्यम से लोगों को तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।डॉ. रघुवंशी ने बताया कि अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। तंबाकू का सेवन करने वाले लोगों को इसके दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंदों को परामर्श एवं उपचार सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा।उन्होंने समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि ग्राम स्तर पर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम पंचायतों की सहभागिता से अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाए।सीएमएचओ ने की आमजन से अपीलसीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन न करें और अपने परिवार एवं समाज को भी तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ गांव और स्वस्थ समाज के संकल्प के साथ तंबाकू मुक्त युवा अभियान को जनआंदोलन बनाने में सभी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
