युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से जागरूक करने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से जिले में संचालित 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त पहल की है। 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत दोनों विभागों द्वारा समन्वित रूप से तंबाकू नियंत्रण, जनजागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

अभियान के तहत जिले के शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने तथा सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चालानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक राघवेन्द्र द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। साथ ही सभी ने भारत सरकार के MyGov पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन 'Say No to Tobacco Pledge 2026' लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त किए।

तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने कहा कि तंबाकू मुक्त सीधी का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वयं तंबाकू से दूर रहने का संकल्प लेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से ऑनलाइन शपथ लेकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे भारत सरकार के MyGov पोर्टल पर उपलब्ध लिंक https://pledge.mygov.in/say-no-to-tobacco-2026/ के माध्यम से ऑनलाइन शपथ लें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करें। जनसहभागिता और विभागीय समन्वय से ही तंबाकू मुक्त सीधी के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।