जिले के मझौली विकासखंड के ग्राम पांड निवासी केशकली सिंह ने मेहनत और हौसले से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। अनुसूचित जनजाति परिवार की केशकली कभी घर-गृहस्थी तक सीमित थीं, लेकिन ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर उन्होंने अपने जीवन को नई दिशा दी।

केशकली ने प्रगति स्व-सहायता समूह का गठन किया। समूह को चक्रीय कोष से 20 हजार रुपये मिले तथा छह माह बाद डेढ़ लाख रुपये की सीसीएल ऋण सुविधा प्राप्त हुई। इसमें से 40 हजार रुपये का ऋण लेकर उन्होंने गांव में किराना, मनिहारी और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का जनरल स्टोर शुरू किया। व्यवसाय अच्छा चलने पर उन्होंने पहला ऋण चुकाया और दोबारा 60 हजार रुपये का ऋण लेकर कारोबार को आगे बढ़ाया।

आज केशकली लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल होकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। वह मध्य प्रदेश शासन और ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि यदि महिलाएं हिम्मत से आगे बढ़ें और उन्हें सहयोग मिले तो वे भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

केशकली सिंह की सफलता ग्रामीण महिलाओं विशेषकर आदिवासी समुदाय की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।