शासकीय सेवाओं को नागरिकों के और अधिक निकट पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहज एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखण्डों में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों का सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं परिणाममूलक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

शिविरों में केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाएगा। विशेष रूप से कृषकों, ग्रामीणजनों, श्रमिकों, महिलाओं तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विकासखण्डवार नोडल अधिकारी नियुक्त

अभियान के प्रभावी एवं सुचारु संचालन के लिए विकासखण्डवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। पहाड़गढ़ विकासखण्ड के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार, सबलगढ़ विकासखण्ड के ग्राम पिपरघान के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री सीताराम वर्मा, कैलारस विकासखण्ड के ग्राम सुजर्मा के लिए एसडीएम सबलगढ़ श्री रामनिवास सिकरवार, जौरा विकासखण्ड के ग्राम बिलगांव क्वारी के लिए एसडीएम जौरा श्री शुभम शर्मा, मुरैना विकासखण्ड के ग्राम नावली बड़ागांव के लिए एसडीएम मुरैना श्री अशोक चौहान, अम्बाह विकासखण्ड के ग्राम सिहोनिया के लिए एसडीएम अम्बाह श्रीमती प्रतिज्ञा शर्मा तथा पोरसा विकासखण्ड के ग्राम बरबाई के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के. सिन्हा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने निर्देश दिए हैं कि शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर नागरिकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराएं। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को यथासंभव मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जाए। साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों को चिन्हित किया जाए, जो अभी तक शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं तथा उन्हें पात्रतानुसार संबंधित योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को मिलेगा बढ़ावा

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ को ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ से भी जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का सहज, सुगम एवं समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के साथ प्रशासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।