हरदा जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों का विवरण कंप्यूटर पर किस तरह दर्ज हो रहा है, इसकी स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस ने शुक्रवार को मौके पर जांच की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिमरनी और जिला चिकित्सालय हरदा का औचक निरीक्षण किया।
ओपीडी पर्ची और ऑनलाइन एंट्री का मिलान
जिला चिकित्सालय के ओपीडी कक्ष में स्वास्थ्य आयुक्त ने पर्ची बनाने की प्रक्रिया और हितग्राहियों से ली जाने वाली जानकारियों के बारे में कर्मचारियों से पूछा। उन्होंने जांच के लिए लिखी गई पर्ची का कंप्यूटर पर दर्ज विवरण से मिलान कर रिकॉर्ड सत्यापित किया।
कॉल सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटर से जाना कि हितग्राहियों से किस तरह बातचीत की जाती है। एनसीडी कक्ष में चिकित्सकों द्वारा की जा रही कंप्यूटर एंट्री भी जांची गई।
डॉक्टर स्वयं दर्ज करें दवाओं की जानकारी
स्वास्थ्य आयुक्त ने कहा कि सभी चिकित्सकों को मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की एंट्री स्वयं करना आना चाहिए। उनका कहना था कि केवल डाटा एंट्री ऑपरेटर पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, ताकि मरीजों की जानकारी सही तरीके से दर्ज हो सके।
एसएनसीयू और स्टोर रिकॉर्ड भी जांचे
निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू और कंप्यूटर कक्ष को भी देखा गया। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के स्टोर रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया।
