बड़वानी जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने औचक निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की पड़ताल की। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पहुंचे मंत्री ने ओपीडी से लेकर वार्डों तक व्यवस्थाएं देखीं और मरीजों व उनके परिजनों से सीधे जानकारी ली।
पर्ची और भर्ती शुल्क की ली जानकारी
ओपीडी के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मरीजों से लिए जाने वाले शुल्क के बारे में पूछा। सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना ने बताया कि आयुष्मान और बीपीएल मरीजों की पर्ची निशुल्क बनती है, जबकि अन्य मरीजों से 10 रुपये लिए जाते हैं।
अस्पताल में भर्ती होने पर भी आयुष्मान और बीपीएल मरीजों से शुल्क नहीं लिया जाता। अन्य मरीजों के लिए भर्ती शुल्क 50 रुपये है।
लैब, ब्लड बैंक और वार्डों की जांच
निरीक्षण के दौरान डॉ. टेटवाल ने पैथोलॉजी लैब, ब्लड बैंक, डॉक्टर कक्ष, आयुष्मान कक्ष और अस्पताल के वार्ड देखे। बच्चों के वार्ड में भर्ती सिकल सेल से पीड़ित एक बच्चे के परिजनों से उन्होंने सिकल सेल कार्ड के बारे में पूछा, जिसे परिजनों ने उन्हें दिखाया।
प्रभारी मंत्री ने परिजनों को बच्चे की विशेष देखभाल और खानपान पर ध्यान देने के लिए कहा। आयुष्मान कक्ष में उन्होंने एक मरीज के परिजन से यह भी पूछा कि उपचार निशुल्क हो रहा है या कोई शुल्क लिया गया है।
परिजन ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद से मरीज का इलाज निशुल्क किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।


