सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इतवारा वार्ड एवं सिंधीपुरा वार्ड के आंगनवाड़ी केन्द्रों में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में पोषण प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्थानीय एवं घर में आसानी से उपलब्ध विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आकर्षक रूप से सजाकर उनके पोषण एवं महत्व की जानकारी दी गई। महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया गया तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वहीं कार्यक्रम में बच्चों का फूलों से आत्मीय स्वागत किया गया।
इसके साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल कल्याण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

