विदिशा के वन स्टॉप सेंटर की काउंसलिंग से करीब 15 वर्षों से साथ रह रहे दंपती के बीच पैदा हुए गंभीर विवाद का समाधान निकला है। दोनों ने आपसी संवाद और विश्वास के साथ अपने वैवाहिक जीवन को एक और अवसर देने का निर्णय लिया।
महिला की शिकायत पर शुरू हुई काउंसलिंग
सरोज (परिवर्तित नाम) अपने पति सूरज (परिवर्तित नाम) और एक अन्य महिला रश्मि (परिवर्तित नाम) से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर केंद्र पहुंची थीं। केंद्र की टीम ने उन्हें सुरक्षित और सहज वातावरण देकर उनकी बात सुनी तथा मामले की काउंसलिंग शुरू की।
खास बातें
- महिला की शिकायत पर पति और अन्य पक्ष को भी काउंसलिंग के लिए बुलाया गया
- तीनों पक्षों की बात सुनकर संवाद और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर समझाइश दी गई
- पति-पत्नी ने आपसी विश्वास के साथ दांपत्य जीवन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया
काउंसलिंग में महिला ने बताया कि अस्वस्थता के कारण वह कुछ समय से बड़ी बेटी की देखभाल और पढ़ाई से जुड़ी जिम्मेदारियां पहले की तरह नहीं निभा पा रही थीं। इस दौरान नौकरी के साथ घर और बेटी की जिम्मेदारी पति पर बढ़ी और बाद में एक अन्य महिला से उनकी बातचीत पारिवारिक तनाव का कारण बन गई।
तीनों पक्षों को साथ बैठाकर समझाया
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्र ने पति और दूसरी महिला को भी बुलाया। टीम ने तीनों पक्षों की बात सुनकर उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियों, एक-दूसरे की भावनाओं और वैवाहिक संबंधों में संवाद व विश्वास की अहमियत समझाई।
काउंसलिंग के बाद दूसरी महिला ने भविष्य में पति से संपर्क नहीं रखने और किसी तरह का दबाव नहीं बनाने पर सहमति दी। पति ने भी उनका मोबाइल नंबर हटाकर आगे संपर्क नहीं रखने का भरोसा पत्नी को दिया।
दंपती ने रिश्ते को दिया नया मौका
महिला ने केंद्र से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के बाद वैवाहिक जीवन को फिर अवसर देने की बात कही। दंपती ने आपसी समझ के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया है; केंद्र कठिन परिस्थितियों में महिलाओं को परामर्श और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराता है।
