कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयपुर में 28 एवं 29 सितंबर को दो दिवसीय नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों की दृष्टि की जांच के साथ-साथ आंखों की स्वच्छता, देखभाल एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं से बचाव के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। विद्यार्थियों को स्क्रीन टाइम के संतुलित उपयोग तथा आंखों की नियमित जांच के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने बताया कि विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य उनकी शैक्षणिक प्रगति और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। सेवा ही संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यालयों में शिक्षा के साथ स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। नेत्र परीक्षण जैसे शिविरों से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध होगा। शिविर के आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक शिविर में सहभागिता करते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।