कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक कृषि सिवनी एवं परियोजना संचालक, आत्मा सिवनी के मार्गदर्शन में ग्राम कामता एवं माहुलझिर में कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) योजनांतर्गत समूह क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कृषकों को नरवाई प्रबंधन, कम पानी में उत्पादित की जाने वाली फसलों तथा प्राकृतिक खेती के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कृषकों को टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।प्रशिक्षण के दौरान नरवाई प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि फसल कटाई के बाद खेत में बची नरवाई को जलाने से मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्मजीवों, जैविक पदार्थों एवं मृदा उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके साथ ही वायु प्रदूषण में भी वृद्धि होती है। कृषकों को नरवाई के उचित प्रबंधन के लिए सुपर सीडर, हैप्पी सीडर एवं मल्चर जैसे कृषि यंत्रों की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही फसल अवशेषों के शीघ्र अपघटन के लिए वेस्ट डीकंपोजर एवं बायोडीकंपोजर के उपयोग की जानकारी दी गई।कम पानी में खेती के विषय पर कृषकों को बताया गया कि उपलब्ध सिंचाई जल, मिट्टी की प्रकृति, खेत में नमी तथा स्थानीय जलवायु के अनुरूप फसलों का चयन करना चाहिए। रबी मौसम में परिस्थितियों के अनुसार चना, मसूर एवं सरसों जैसी फसलें अपनाई जा सकती हैं। प्रशिक्षण में प्रमाणित बीज, उपयुक्त किस्म, अनुशंसित बीज दर, कतारों के बीच उचित दूरी तथा समय पर बुवाई के महत्व की जानकारी दी गई। इसके अलावा खेत में नमी संरक्षित रखने, खरपतवार नियंत्रण तथा उपलब्ध जल का उचित उपयोग करने के उपाय भी बताए गए।प्राकृतिक खेती के प्रति कृषकों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्थानीय संसाधनों के उपयोग एवं मृदा स्वास्थ्य संरक्षण की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जीवामृत निर्माण विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। कृषकों को जीवामृत तैयार करने में उपयोग होने वाली सामग्री, निर्माण प्रक्रिया, मिश्रण को उचित तरीके से रखने तथा कृषि विभाग द्वारा अनुशंसित विधि के अनुसार इसके उपयोग की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्राकृतिक खेती में जैव आधारित कृषि आदानों की उपयोगिता एवं उनके उचित प्रयोग के बारे में समझाया गया।प्रशिक्षण के माध्यम से कृषकों को फसल अवशेषों का वैज्ञानिक प्रबंधन करने, उपलब्ध पानी के अनुरूप फसलों का चयन करने तथा प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इससे कृषि लागत कम करने, मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कृषकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।