रतलाम जिले के ग्राम अमलेटा में निर्मला कटारिया की पारंपरिक आटा चक्की अब उनके परिवार की आय का मजबूत जरिया बन गई है। शिव शक्ति आजीविका मिशन समूह से मिली 25 हजार रुपए की सहायता से चक्की में जरूरी सुधार और नए पत्थर लगवाने के बाद उनका काम बढ़ा है।
कई वर्षों से चला रही हैं आटा चक्की
निर्मला शिव शक्ति समूह की 10 महिला सदस्यों में शामिल हैं और कई वर्षों से गेहूं पीसने का काम कर रही हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी चक्की को बेहतर बनाने का फैसला किया और मिली सहायता को व्यवसाय में लगाया।
सुधार के बाद चक्की का काम बढ़ा और अब इससे उन्हें सालाना लगभग डेढ़ लाख रुपए की आमदनी हो रही है। निर्मला के अनुसार, समूह ने व्यवसाय बढ़ाने के साथ उनमें नियमित बचत की आदत भी विकसित की।
आमदनी से परिवार और बच्चों की पढ़ाई को सहारा
चक्की से होने वाली कमाई परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रही है। निर्मला के चार बच्चे स्कूल में पढ़ रहे हैं और उन्हें सांदीपनि विद्यालय योजना का लाभ भी मिल रहा है।
पैक्ड आटा बाजार में उतारने की तैयारी
निर्मला अब आटे की पैकिंग शुरू कर घरों तक पैक्ड आटा पहुंचाना चाहती हैं। उनकी योजना उत्पाद को आजीविका मार्ट में रखने की भी है, ताकि नया बाजार मिले और आमदनी बढ़ाने के अवसर बनें।
व्यवसाय के अगले चरण में वह किराने की दुकान शुरू करने की इच्छुक हैं। फिलहाल पैकिंग, आजीविका मार्ट में बिक्री और दुकान का विस्तार उनकी भावी योजनाएं हैं।


