आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों का निःशुल्क उपचार उपलब्ध होने से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
पांढुर्णा जिले के ग्राम मोरडोंगरी निवासी 20 वर्षीय मनीषा घागरे के हृदय में छेद होने की जानकारी मिलने पर उनका परिवार चिंतित हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मनीषा का उपचार कराना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे कठिन समय में ग्राम की आशा कार्यकर्ता ने परिजनों को आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी और योजना के माध्यम से उपचार कराने के लिए प्रेरित किया।
योजना की जानकारी मिलने के बाद मनीषा के पिता श्री योगराज घागरे अपनी बेटी को उपचार के लिए भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों द्वारा मनीषा के हृदय का सफल ऑपरेशन किया गया। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार निःशुल्क होने से परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली और मनीषा को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सका।
बेटी के सफल उपचार पर परिजनों ने जताया आभार
मनीषा के सफल उपचार से परिवार को बड़ी राहत मिली है। अपनी बेटी को बेहतर उपचार मिलने पर उनके पिता श्री योगराज घागरे ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उनकी बेटी का उपचार संभव हो सका। आर्थिक कठिनाइयों के बीच योजना से मिली सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मनीषा घागरे की यह कहानी दर्शाती है कि पात्र हितग्राहियों तक स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पहुंचने और उनका लाभ मिलने से परिवारों को कठिन परिस्थितियों में भी उपचार का सहारा मिल सकता है।
