राष्ट्रीय राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल अपनी आजीविका को मजबूत बना रही हैं, बल्कि नए व्यवसाय शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बना रही हैं। देवास जिले की श्रीमती टीना यादव हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और स्व-सहायता समूह से मिले आर्थिक सहयोग के बल पर सफलता की नई कहानी लिखी है। आज वे लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो गई है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त कर रही हैं। श्रीमती टीना यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से स्व-सहायता समूह से ऋण प्राप्त किया। इस राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और सिलाई का कार्य प्रारंभ किया। अपने काम के प्रति लगन और मेहनत के बल पर उन्होंने धीरे-धीरे अपनी आजीविका को आगे बढ़ाया और इससे कमाई होने लगी। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार समूह से ऋण लेकर लैपटॉप खरीदा और ऑनलाइन कियोस्क का कार्य शुरू किया। इस पहल से उनकी आय के नए स्रोत विकसित हुए और उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला। वे बताती हैं कि उन्होंने अपनी प्रगति को यहीं तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने तीसरी बार स्व-सहायता समूह से ऋण लेकर ईको वाहन खरीदा और अपने व्यवसाय का विस्तार किया। अलग-अलग आजीविका गतिविधियों को अपनाकर उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाया। आज वे इन कार्यों के माध्यम से सालाना लाखों रुपये की आय अर्जित कर रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं और लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो गई है। यह सब स्व सहायता समूह के माध्यम से लिय ऋण से संभव हो पाया है। श्रीमती टीना यादव ने बताया कि स्व-सहायता समूह महिलाओं को केवल ऋण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने, स्वरोजगार स्थापित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी प्रदान किया है। समूह से मिले सहयोग का सदुपयोग कर उन्होंने यह साबित किया है कि सही अवसर, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से महिलाएं अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। अपनी इस उपलब्धि के लिए वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त कर रही हैं।