भोपाल में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण में वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर्स और केस वर्कर्स को संकट में पहुंचने वाली महिलाओं की सहायता के व्यावहारिक तरीके समझाए गए। प्रशिक्षण का केंद्र महिला की सुरक्षा, सम्मान, गोपनीयता और अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने के अधिकार को बनाए रखना रहा।
राष्ट्रीय महिला आयोग के तत्वावधान में मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने कहा कि सेंटर पहुंचने वाली महिला या बालिका की बात ध्यान से और बिना पूर्वाग्रह के सुनना काउंसलर का पहला दायित्व है।
खास बातें
- महिला की बात बिना पूर्वाग्रह सुनने पर जोर
- SOP के अनुसार दस्तावेजीकरण और सहमति की प्रक्रिया समझाई
- प्रारंभिक सहायता के बाद नियमित फॉलोअप को जरूरी बताया
कानूनों के व्यावहारिक इस्तेमाल पर चर्चा
प्रतिभागियों को भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इनके व्यावहारिक क्रियान्वयन के साथ बालकों और युवाओं में लैंगिक समानता, सम्मान और संवेदनशीलता की समझ विकसित करने की जरूरत भी बताई गई।
आयोग के सदस्य सुरेश तोमर ने सर्वाइवर-केंद्रित सहायता पर चर्चा की। उन्होंने सुरक्षा, सम्मान, गोपनीयता, जरूरतों और महिला की निर्णय लेने की क्षमता को सहायता तथा पुनर्वास की व्यवस्था के केंद्र में रखने की बात कही।
रिकॉर्ड, सहमति और गोपनीयता पर जोर
दूसरे सत्र में प्राची चंदेल ने केस डॉक्यूमेंटेशन, रिकॉर्ड संधारण और डेटा प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई। काउंसलर्स और केस वर्कर्स को भारत सरकार की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप प्रकरणों पर काम करने तथा आवश्यक सहमति प्रपत्र नियमानुसार भरवाने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में महिला की व्यक्तिगत और प्रकरण से जुड़ी सूचनाओं को पूरी तरह गोपनीय रखने पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि उपलब्ध सेवाओं और विकल्पों की जानकारी देते समय महिला की इच्छा, आवश्यकता और निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।
शुरुआती मदद के बाद भी जारी रहे संपर्क
विशेषज्ञों ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर की भूमिका केवल प्रारंभिक सहायता तक सीमित नहीं है। नियमित फॉलोअप के जरिए यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि महिला को अपेक्षित सहायता मिली है और वह सुरक्षित स्थिति में है।



