भारत सरकार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा बाल विवाह की रोकथाम हेतु बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशन में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक जागरूकता अभियान क्रियान्वयन एवं 27 नवंबर 2026 को बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. मीना ने विकासखंड स्‍तर के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने विकासखंड के सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थाओं, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय निकायों से समन्वय स्थापित कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं रोकथाम के संबंध में जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएं। बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर शपथ ग्रहण, जागरूकता रैली, जनसंवाद एवं अन्य उपयुक्त कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर नियमानुसार संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर बाल विवाह रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अभियान में आयोजित विभिन्‍न गतिविधियों का अभिलेखीकरण कर फोटोग्राफ एवं प्रगति का विकासखंडवार प्रतिवेदन निर्धारित समयावधि में कलेक्टर कार्यालय तथा जिला महिला एवं बाल विकास विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।