उमरिया 18 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले के सभी मतदान केन्द्रों में विशेष कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को जिले के समस्त मतदान केन्द्रों पर विशेष कैम्प लगाए जाएंगे। इन कैम्पों का मुख्य उद्देश्य 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, सहित अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती राखी सहाय ने निर्देश दिए है कि विशेष कैम्प के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने आवंटित मतदान केन्द्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बीएलओ द्वारा पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर बीएलओ एप के माध्यम से दर्ज किया जाएगा तथा कैम्प में प्राप्त आवेदनों की जानकारी संबंधित कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाएगी। निर्वाचन अधिकारियों को स्पीप गतिविधियों, प्रेस ब्रीफिंग एवं अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों से विशेष कैम्पों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18, 19 वर्ष के युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें।